मुरादाबाद। भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी शनिवार को शहर के रामलीला मैदान में वसंत कार्यक्रम का आगाज करेंगी। सुबह नौ बजे वैदिक विधि-विधान से मां शारदे की पूजा शुरू होगी। इसके बाद 108 हवन कुंडों से हवन कर 11 बजे से महायज्ञ होगा।
पूर्वांचल वासी संस्था वसंत पंचमी पर मां सरस्वती की पूजा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करती रही है। संस्था ने इस बार भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी को बुलाया है। शनिवार शाम छह बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि डीआईजी शलभ माथुर होंगे। कल्पना पटवारी भक्ति मय गीतों के साथ-साथ बॉलीवुड के गीत और भोजपुरी लोक संगीत की प्रस्तुति देकर न केवल वसंत का आगाज करेंगी बल्कि लोगों को थिरकने पर भी मजबूर करेंगी। भोजपुरी की अनेक विधाओं की प्रस्तुति में होली गानों का समावेष वसंत की शाम को वसंती रंग देने का काम करेगा।