संभल। नगर के राजकीय और एमजीएम महाविद्यालय में रविवार को बीएड की प्रवेश परीक्षा 2020 होनी है। यह परीक्षा दो पालियों में होनी है। इस परीक्षा की तैयारियों को शनिवार की शाम तक अंतिम रूप दिया गया। सुरक्षा से लेकर कोरोना संक्रमण के बचाव तक इंतेजाम किए गए हैं। कोरोना काल में होने वाली इस प्रवेश परीक्षा के लिए सामाजिक दूरी का पालन कराने का प्रयास किया गया है। हालांकि परीक्षार्थियों के बीच दो गज की दूरी हो पाना मुश्किल काम है। पर प्रशासन और केंद्र व्यवस्थापक पूरे प्रयास में जुटे दिखाई दिए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।
मास्क लगा होना अनिवार्य होगा। तापमान बढ़ा होने पर परीक्षार्थी को अलग कक्ष में बैठाया जाएगा। जिसको आइसोलेशन कक्ष का नाम दिया गया है। राजकीय महाविद्यालय में बने परीक्षा के प्रत्येक कक्ष में 35-36 परीक्षार्थी बैठेंगे। 500 परीक्षार्थियों का केंद्र निर्धारित किया गया है। इन परीक्षार्थियों के लिए 14 कक्ष निर्धारित किए गए हैं। आइसोलेशन कक्ष अलग से बनाया गया है। एमजीएम महाविद्यालय में 301 परीक्षार्थियों का केंद्र है। इसके लिए 12 कक्ष व एक आइसोलेशन कक्ष की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक कक्ष में 25 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। केंद्र में प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। परीक्षा कुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतेजाम किए गए हैं।
801 परीक्षार्थी दो पालियों में देंगे परीक्षा
संभल। रविवार को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा संभल के दो केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह नौ बजे से बारह बजे तक होगी। और द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होनी है। दो पालियों में होने वाली प्रवेश परीक्षा में 801 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र के साथ ही उसकी एक प्रति रखनी होगी। प्रवेश पत्र और आईडी दिखाकर ही केंद्र में प्रवेश हो पाएगा। प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। जिन परीक्षार्थियों के शरीर का तापमान बढ़ा हुआ होगा। उनको अलग कक्ष में बैठाया जाएगा।
सीसीटीवी निगरानी में होगी परीक्षा, सभी कैमरे चेक किए गए
संभल। संभल के राजकीय और एमजीएम महाविद्यालय में बीएड प्रवेश परीक्षा होनी है। यह परीक्षा नकलविहीन बनाने के लिए सीसीटीवी की निगरानी रहेगी। दोनों केंद्रों पर शनिवार को व्यवस्थाएं दुरूस्त कराते समय सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए गए। जिससे कोई कमी न रह जाए। केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी है। सचल दल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती रहेगी।
परीक्षा कराने को लेकर हुई बैठक, दिए दिशा निर्देश
संभल। राजकीय महाविद्यालय में बीएड प्रवेश कराने को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें कक्ष निरीक्षकों को दायित्व समझाए गए। कक्ष निरीक्षकों को बताया गया कि किस तरह से परीक्षा संपन्न करानी है। किन बातों का ध्यान रखना है। बैठक में बताया गया कि कक्ष निरीक्षक परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन लेकर नहीं जाएंगे। सभी कक्ष निरीक्षकसुबह 6.30 बजे परीक्षा केंद्र के कंट्रोल रूम में अवश्य पहुंच जाएं।
कक्ष निरीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षार्थी बातचीत एवं नकल न करें।सभी परीक्षार्थियों के उनके परिचय पत्र की फोटो युक्त प्रति अवश्य जमा करेंगे।सभी कक्ष निरीक्षक मास्क, सेनिटाइजर, ग्लब्स व परिचय पत्र के साथ पहुंचेंगे। किसी तरह की लापरवाही नहीं की जाएगी। परीक्षा कुशलता के साथ संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी होगी।