मुरादाबाद। बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में इस बार परीक्षार्थियों को केंद्र पर मेडिकल किट उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें मास्क और सैनिटाइजर होगा। राज्य समन्वयक बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का कहना है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से यह निर्णय लिया गया है।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की संयुक्त प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को दो पालियों में होगी। डिप्टी नोडल अधिकारी डॉ. संजय कुमार रस्तोगी का कहना है कि मुरादाबाद जनपद में परीक्षा के लिए 33 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां पर 13,540 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा कक्षों में विद्यार्थियों की संख्या सामान्य स्थिति और कोरोना संक्रमण काल के दौरान की स्थिति के अनुरूप मांगी थी। अब संक्रमण के बढ़ते केसों की वजह से विश्वविद्यालय ने कम संख्या के आधार पर परीक्षार्थियों का आवंटन किया है। परीक्षार्थियों को संक्रमण से बचाने के लिए विश्वविद्यालय ने प्रत्येक केंद्र पर कोविड हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि वहां पर परीक्षार्थियों के शरीर के तापमान की जांच की जा सके।
पिछले वर्ष तक परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइजेशन किट के लिए तीन हजार और पांच हजार रुपये का भुगतान किया जाता था, लेकिन विश्वविद्यालय ने इस बार व्यवस्था में बदलाव किया है। विवि अधिकारियों के अनुसार इस बार सैनिटाइजेशन वितरण के लिए एक एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा से दो या तीन दिन पहले सभी केंद्रों पर सैनिटाइजेशन किट वितरित कर दी जाएगी।
25 जून से डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र
विवि अधिकारियों का कहना है कि प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षार्थी 25 जून से विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की मंशा है कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को उनकी पहली पसंद के आधार पर परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे।
वर्जन...
परीक्षा की दोनों पालियों में परीक्षार्थियों को मास्क और सैनिटाइजेशन किट दी जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक जनपद में विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा जनपद पर्यवेक्षक और डिप्टी नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की भी सहायता रहेगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
प्रो. पीबी सिंह, राज्य समन्वयक, बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा।