130 ग्राहकों के खाते से तीस लाख रुपये उड़ाने वाले बैंक मित्र के मददगार भी पुलिस रडार पर हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक अधिकारी और कर्मचारियों से भी पूछताछ करेगी। इसके लिए उनकी सूची तैयार की जा रही है।
बेंगलुरु की अत्याती टेक्नोलॉजी लिमिटेड के जिला सह संयोजक एवं सुपरवाइजर अभिनव दीक्षित ने कटघर थाने में भोजपुर के बीजना गांव निवासी अजय प्रताप, उसके पिता दिलीप सिंह और भाई वीरेंद्र प्रताप के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में केस दर्ज कराया है। जिसमें अभिनव ने बताया कि हमारी कंपनी का प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की शाखाओं में बैंक मित्र रखने का अनुबंध है। इसी अनुबंध के तहत हमने प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की ताजपुर शाखा में अजय प्रताप को बैंक मित्र नियुक्त किया था। आरोप है कि जून 2021 में आरोपी अजय प्रताप ने 130 ग्राहकों के खाते को खाली कर अपने पिता दिलीप सिंह व भाई वीरेन्द्र प्रताप सिंह के खातों में तीस लाख रुपये गायब किए थे। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के दायरे में बैंक अधिकारी और कर्मचारी भी हैं। पुलिस जल्द ही इस मामले में उनके से भी पूछताछ करेगी। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि बैंक शाखा में तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी।