मुरादाबाद। दीपावली पर बैंकों में चार दिन की छुट्टी लोगों के लिए मुुसीबत बन गई। बैंक बंद होने से लोग नगदी के लिए पूरी तरह एटीएम पर निर्भर थे, लेकिन दीपावली और गोवर्धन के दिन ही शहर के अधिकांश एटीएम खाली हो गए । भैया दूज पर बहनों को नेग देने के लिए लोग एटीएम में नगदी निकाले पहुंचे तो कहीं पर एटीएम में कैश नहीं था तो किसी का शटर बंद था। परेशान लोग मायूस होकर लौटे । कुछ एटीएम चालू थे और लोग नगदी निकाल रहे थे।
दरअसल बैंकों में दीपावली, गोवर्धन और भैया दूज का तीन दिन का अवकाश है । रविवार को साप्ताहिक बंदी है। ऐसे में बैंक लगातार चार दिन बंद रहेंगे। छुट्टी से पहले एटीएम में नगदी डाली गई थी। त्यौहार की वजह से निकासी अधिक हुई और दिवाली और गोवर्धन तक ही शहर के कई एटीएम में नगदी खत्म हो गई। शनिवार को भैया दूज के लिए लोग एटीएम में नगदी निकालने पहुंचे तो उन्हें मायूस लौटना पड़ा।
दिल्ली रोड पर एसबीआई के एटीएम का शटर बंद था । यहां नगदी लेने पहुंचे लाइनपार मंडी निवासी सौरभ सैनी, प्रदीप शर्मा ने बताया कि उन्हें नगदी की जरुरी है लेकिन आसपास के एटीएम में नगदी नहीं थी। शुक्रवार की रात भी एटीएम में गए लेकिन आसपास के एटीएम के शटर ही बंद थे।
पारकर रोड पर केनरा बैंक के एटीएम का शटर खुला था लेकिन उसमें नगदी खत्म हो चुकी थी। यहां से नगदी निकालने पहुंचे दीपक जैन और अजीत गुप्ता ने बताया कि यहां से पहले वे तीन एटीएम में कैैश् लेने गए थे लेकिन वहां भी एटीएम में कैैश् नहीं था। मझोली के निकट आईसीआईसीआई ,दिल्ली रोड पर इलाहाबाद बैंक के एटीएम में भी नगदी थी और लोग निकालने आ रहे थे। कचहरी स्थित एसबीआई के एटीएम में नगदी थी।