रामपुर। मुंबई के चर्चित क्रूज ड्रग्स केस में बालीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन के खिलाफ एनसीबी की कार्रवाई को उत्पीड़नात्मक बताते हुए रामपुर के आरटीआई एक्टिविस्ट दानिश खां ने मानवाधिकार आयोग में शिकायत की थी। आयोग ने उनकी शिकायत दर्ज कर ली है।
नगर में नादरबाग स्थित मॉडल कॉलोनी निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट दानिश खां ने तीन अक्तूबर को मुंबई में नारकोटिक्स विभाग द्वारा क्रूज डग्स पार्टी मामले में की गई कार्रवाई को लेकर 16 अक्तूबर को एक शिकायत मानवाधिकार आयोग में की थी। इसमें आरोप था कि मामले में एनसीबी की टीम द्वारा बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन को गलत तरीके से फंसाया गया है और उसका उत्पीड़न किया गया। आयोग से मांग की गई थी कि शिकायत पर संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए। आयोग ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए इस शिकायत को 28 अक्तूबर को दर्ज कर लिया है।
आरटीआई एक्टिविस्ट दानिश खां का कहना है कि एनसीबी द्वारा पूूरे मामले में आर्यन खान के खिलाफ की गई कार्रवाई गलत है, क्योंकि उसके पास से ड्रग्स बरामद नहीं हुआ था। इसी को लेकर मानवाधिकार आयोग में शिकायत की गई थी, जो कि आयोग द्वारा दर्ज कर ली गई है।