थाना क्षेत्र में चेतरामपुर मार्ग स्थित एक किसान के खेत में गोकशी कर पशु के अवशेष फेंक दिए गए। गोकशी की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पशु अवशेष बरामद कर दफन करा दिए। वहीं गोकशी के विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।
कांठ नगर के मोहल्ला पट्टीवाला निवासी सचिन चौहान का चेतरामपुर मार्ग स्थित खेत है। शुक्रवार को वह अपने पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर किए थे। जब वह खेत पर पहुंचे तो यहां स्थित सरकारी नलकूप के पास खून पड़ा हुआ था। उन्होंने आगे चलकर देखा तो इसके नीचे स्थित उनके गन्ने के खेत में गोवंशीय पशु के अवशेष पड़े थे। अवशेष देखकर वह घबरा गए। उन्होंने घटना बारे में अपने भाई सुंदर सिंह चौहान को जानकारी दी। इसके बाद वह भी खेत पर पहुंच गए। गोकशी की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पूर्व जिला सह संयोजक चौधरी मोनू विश्नोई, जिला संयोजक हर्ष विश्नोई, राष्ट्रीय गोरक्षक दल के मंडल प्रभारी पंडित विकास शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घटना के बारे में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कर दिया। कुछ देर के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेशपाल सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और मुआयना किया। पुलिस ने गोवंशीय पशु के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही उन्हें गड्ढा खुदवाकर दफन कराया दिया। वहीं बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गोकशी की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल शाम छह बजे तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी। पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
गोकशी की सूचना मिलते ही पुलिस को घटना स्थल पर भेजा गया था। खेत में मिले अवशेषों का पशु चिकित्सा विभाग की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया है। इस मामले में थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा गया है। - महेशचंद्र गौतम पुलिस क्षेत्राधिकारी, कांठ