उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में असामाजिक तत्वों ने बीस दिन में दूसरी बार शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की है। मझोला थाने की मंडी समिति पुलिस चौकी के पीछे आसामाजिक तत्वों ने पशुओं के अवशेष डाल दिए। बुधवार सुबह लोगों ने अवशेष पड़े देखे तो हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
एसपी सिटी अमित आनंद और सीओ इंदु सिद्घार्थ मौके पर पहुंच गईं और उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इससे पहले दो सितंबर को भी मंडी समिति के नजदीक पशुओं के अवशेष मिले थे। उस वक्त भी अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, लेकिन अभी तक पुलिस उन आरोपियों को भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की एक टीम आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।