रामपुर। जेल से जमानत पर रिहा होने के 13वें दिन आजम खां से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में हुई मुलाकात क्या उनके रिश्तों में मिठास घोल पाएगी, यह सवाल रामपुर के लोगों की चर्चाओं का हिस्सा बना। देर आए दुरुस्त आए की कहावत के साथ लोगों का मानना है कि मुलाकात के बाद के रुख का असर लोकसभा के उपचुनाव पर भी पड़ेगा। सपा प्रत्याशी की मजबूती आजम खां के रुख पर ज्यादा निर्भर करेगी।
अच्छी सेहत के लिए दुआएं...आप जल्द अच्छे होकर आएं। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आजम खां से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव का फोटो सहित ये ट्वीट आजम खां और अखिलेश यादव के बीच दूरियों की अटकलों को खारिज करने की कोशिश हो सकता है। जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद आजम खां से 13वें दिन सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की बुधवार को दिल्ली में मुलाकात के सूत्रधार पूर्व केंद्रीय मंत्री और सपा के समर्थन से राज्यसभा का चुनाव लड़ रहे कपिल सिब्बल रहे। माना जा रहा रहा है कि इस मुलाकात में जहां अखिलेश यादव ने आजम खां की नाराजगी को दूर करने की कोशिश की है तो वहीं राज्यसभा और रामपुर में लोकसभा उपचुनाव पर भी चर्चा की गई है। अखिलेश की आजम खां से ये मुलाकात दोनों के बीच की दूरी समाप्त करने में कितनी कामयाब होगी यह तो आने वाले दिनों में दोनों नेताओं का रुख ही तय करेगा लेकिन इस मुलाकात ने सियासी गलियारों में हलचल जरूर बढ़ा दी है।