मुरादाबाद। बीएड की प्रवेश परीक्षा छूटने के बाद शहर के बस अड्डों पर भारी बीड़ हो गई। अलग अलग शहरों को जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए दूसरे डिपो से अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया गया। इसके चलते मेरठ, दिल्ली, सहारनपुर जाने वाली बसों की किल्लत हो गई। इन स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को बस के लिए डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा।
इंतजार के बाद भी एक बस मिली, जोकि मिनटों में यात्रियों से भर गई। कई यात्रियों को निराश होकर दूसरी बस के इंतजार में बैठना पड़ा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हुई। दोनों पालियों की परीक्षा के बाद मुरादाबाद और पीतलनगरी दोनों बस अड्डों पर यात्रियों का जमावड़ा रहा। एआरएम सोमपाल सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के दृष्टिगत सभी चालक-परिचालकों की छुट्टी निरस्त कर दी गई थी। इसके बावजूद स्टाफ की कमी के कारण शाम के समय थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया कि ज्यादातर बसें बरेली, अमरोहा, रामपुर, बिजनौर, सहारनपुर आदि के लिए चलाई गईं। इसके अलावा दिल्ली और हल्द्वानी रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक रही। गर्मी के कारण एसी बसों में भी यात्रियों की भरमार रही।