बिलारी। मोहर्रम का महीना शुरू होने पर दसवीं मोहर्रम तक ताजियों का जुलूस निकलने के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर है। सर्किल के चारों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने आठ ग्रामों के 300 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए शांतिभंग करने की आशंका जताई है। ऐसे सभी चिन्हित लोगों के खिलाफ एसडीएम न्यायालय में चालानी रिपोर्ट भेज दी है।
सर्किल के थाना सोनकपुर पुलिस द्वारा पहले ही इब्राहीमपुर मिर्जा गांव के दोनों वर्गों के 80 लोगों को चिन्हित करते हुए उनसे मोहर्रम पर शांतिभंग करने की आशंका जताई है। एसडीएम न्यायालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना मैनाठेर के दरोगा आशीष कुमार ने महमूदपुर माफी निवासी सलीम पक्ष के 20 और फरहत अली पक्ष के 26,असालतनगर बघा गांव निवासी फहीम पक्ष के 25, मैनाठेर गांव निवासी कासिम पक्ष के 11 और अरकान पक्ष के 15,थाना मैनाठेर के दरोगा प्रशांत कुमार ने मिलक मैनाठेर निवासी जाबिर हु़सैर पक्ष के 15, आजम वाली मिलक निवासी मुन्तियाज पक्ष के 22, नगलिया मशकूला निवासी नबीजान के पक्ष के 12 और शरीफ अहमद पक्ष के 14,महमूदपुर माफी के मोहल्ला दोहनी निवासी हाजी शफी पक्ष के 17 लोगों के चिन्हित करते हुए सभी से शांतिभंग करने की आशंका जताई है।
थाना कुंदरकी दरोगा अजय कुमार ने जलालपुर खास निवासी मोहम्मद कैफ पक्ष के 7, इफ्राहीम पक्ष के 7, थाना सोनकपुर के दरोगा अरविंद कुमार ने अली नगर निवासी मोहम्मद हनीफ पक्ष के 40 और ग्राम सोनकपुर निवासी जहीर पक्ष के 18 लोगों से मोहर्रम पर शांतिभंग करने की आशंका जताई है। एसडीएम की अदालत में पुलिस रिपोर्ट स्वीकार कर सभी आरोपियों को मुचलके और जमानत दाखिल करने के लिए अदालत में तलब किया है। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि किसी को भी शांति व्यवस्था प्रभावित करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जमानत और मुचलकों से पाबंद होने के बाद भी शांतिभंग करने वालों के खिलाफ जमानत धनराशि जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।