मुरादाबाद। रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने रोडवेज बस में हरिद्वार से मुरादाबाद आ रहे लखीमपुर निवासी युवक को रास्ते में जहरखुरान गिरोह ने अपना शिकार बना लिया और उसके पास मौजूद नकदी, सामान आदि लूट लिया। मुरादाबाद के पीतल नगरी रोडवेज बस स्टैंड पर बेहोश मिले युवक को पुलिस ने जिला अस्पताल भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है।
अस्पताल में होश आने पर रविवार सुबह उसने बताया कि वह लखीमपुर जिले के थाना मोहम्मदी के गांव खजियानिश का रहने वाला है और उसका नाम सुरजीत (21) है। करीब डेढ़ माह पहले वह हरिद्वार में मेहनत मजदूरी करने गया था। वहां उसे एक फैक्टरी में काम मिल गया था।
रक्षाबंधन पर वह राखी बंधवाने घर जा रहा था। शनिवार रात हरिद्वार से मुरादाबाद के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ। नजीबाबाद के निकट एक होटल पर उसने ब्रेड पकौड़ा खाया था। इसके बाद उसे कुछ पता नहीं रहा। रविवार तड़के वह पीतल नगरी रोडवेज बस स्टैंड पर बेहोश पड़ा मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सुरजीत ने पुलिस को बताया कि उसके पास तीन हजार रुपये, एंड्रायड फोन, घड़ी और पुराने कपड़ों से भरा बैग था जो गायब है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना उसके परिवार वालों को दे दी है।