मुरादाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों को मिलना जारी है। जिले में जेल के दो बंदियों समेत 63 लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमित मरीजों में रामगंगा विहार, आशियाना और मिलन विहार में परिवार के दो-दो सदस्य पॉजिटिव मिले हैं। वहीं स्वस्थ होने पर 121 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
बनते बिगड़ते मौसम के बीच कोरोना संक्रमण की रफ्तार में भी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी संक्रमितों का आंकड़ा सौ के पार पहुंच जा रहा है तो कभी पॉजिटिव केसों की संख्या पचास के आसपास पहुंच जाती है। सोमवार को सरकारी और निजी पैथोलॉजी लैब से आई रिपोर्ट में 63 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें जेल के दो बंदी और दो किशोर शामिल हैं।
इसके अलावा रामगंगा विहार, आशियाना, मिलन विहार के एक-एक परिवारों में दो-दो पॉजिटिव केस मिले हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि क्वारंटीन की अवधि पूरी होने पर 121 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 577 हो गई है।