मुरादाबाद। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को टीकाकरण को प्रेरित करने वाले जिम्मेदार खुद पहली डोज लेकर दूसरी डोज लेना भूल गए। जिले के 3298 जिम्मेदारों ने अभी तक दूसरी डोज नहीं ली है। इसमें 1450 हेल्थ वर्कर और 1848 फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं, जबकि इन लोगों की दूसरी डोज लगवाने की अवधि पूरी हो चुकी है।
16 जनवरी 2021 को जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले चरण में हेल्थ वर्करों और फ्रंटलाइन वर्करों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। इसके बाद साठ वर्ष पार बुजुर्गों और 45 वर्ष पार बीमारों का टीकाकरण शुरू किया गया। जिले के 17598 हेल्थ वर्कर वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके हैं। वहीं, 15654 फ्रंटलाइन वर्करों ने पहली डोज लगवाई। हालांकि अभियान के एक साल से अधिक का समय पूरा होने के बाद भी हेल्थ वर्करों और फ्रंटलाइन वर्करों की दूसरी डोज सौ फीसदी पूरा नहीं हो सकी है। अभी भी 1450 हेल्थ वर्करों और 1848 फ्रंटलाइन वर्करों ने वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवाई है, जबकि हेल्थ वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर दूसरों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करते रहे हैं। इन वर्करों को अब एहतियाती खुराक (तीसरी डोज) दी जा रही है। 21985 लोगों ने तीसरी डोज भी ले ली है।