टांडा। नगर में बुधवार को नगर पालिका तथा तहसील प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। इसमें दो स्थानों पर बड़ी मात्रा में पॉलिथीन बरामद हुई। इस पर टीम ने दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। वही दुकानदारों ने टीम का विरोध भी किया।
ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार द्वारा हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सरकार ने प्रदेश में 50 माइक्रोन की पॉलिथीन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी थी। इसके बाद से तहसील तथा नगर पालिका प्रशासन द्वारा लगातार बैठक कर तथा मुनादी कराकर व्यापारियों को जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार राणा के नेतृत्व में पॉलिथीन हटाओ अभियान चलाया गया। सुबह दस बजे नगर पालिका चौराहे से शुरू हुआ अभियान नगर के मुख्य मार्ग पर जमा मस्जिद से होता हुआ नगर की मछली मार्केट पहुंचा जहाँ पर टीम ने सभासद पति तथा अन्य एक दुकान में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पॉलिथीन बरामद की। इसके बाद टीम में दोनों दुकानदारों पर जुर्माना लगाया तथा पॉलिथीन जब्त कर ली। छापेमारी करनी आई टीम को मौके पर दुकानदारों का विरोध भी झेलना पड़ा। वही अचानक हुई छापेमार कार्यवाही से दुकानदारों में भगदड़ मच गयी।