मुरादाबाद रेल मंडल में मंगलवार को एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेन और दो मालगाड़ियों के इंजन फेल हो गए। जहां तहां ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को खासी परेशानियां उठानी पड़ीं। दूसरे इंजन लगाकर ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई। इसके बाद ही रेल संचालन शुरू हो सका।
मंगलवार सुबह दस बजकर बीस मिनट पर एक मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। चालक ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम में देने के साथ ही इंजन स्टार्ट करने का प्रयास किया। लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हो पाया। इसके बाद दूसरा इंजन लगाकर मालगाड़ी रवाना की गई। जिसकी वजह से दस ट्रेनों को जहां तहां रोक दिया गया। देहरादून से हावड़ा जाने वाली दून एक्सप्रेस, सरयू यमुना एक्सप्रेस, हरिद्वार हावड़ा एक्सप्रेस, अमृतसर मेल, लखनऊ चंडीगढ़ समेत दस ट्रेनों के जहां तहां रुकने से यात्रियों को खासी परेशानियां उठानी पड़ीं। इसके अलावा काकोरी में ही दूसरी मालगाड़ी का इंजन फे ल हो गया। जिससे मालगाड़ी रुकने से अन्य गाड़ियां भी खड़ी हो गई। डेढ़ बजे दूसरा इंजन लगाकर मालगाड़ी रवाना की गई। कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस और एक अन्य एक्सप्रेस खड़ी रही। मंडल के करेंगी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह दस बजकर पच्चीस मिनट पर मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इसके अलावा लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस का इंजन बैहटा गोकुल के पास फेल हो गया। चालक और गार्ड ने मरम्मत करने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई।
गंगा सतलुज एक्सप्रेस से टकराया पशु, दो ट्रेनें लेट
मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के काकोरी रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर डेढ़ बजे फिरोजपुर से धनबाद जा रही गंगा सतलुज एक्सप्रेस ट्रेन से पशु कट गया। हादसे के बाद ट्रेन मौके पर ही रुक गई। गंगा सतलुज एक्सप्रेस के रुकने से चंडीगढ़ पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस को बीच में ही रोक दिया गया।