राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के नदीहार बाजार में ट्रक के चालक संग शुक्रवार की देर रात क्षेत्र के कुछ युवकों ने मारपीट कर नौ हजार रुपये नगदी सहित ट्रक के कागजात छीन लिए।
शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे रेणुकूट से डीजल भरवाकर ट्रक चालक मोहम्मद आलम अपने साथी अजय कुमार के साथ हापुड़ के लिए निकला था। रात लगभग एक 11 बजे मड़िहान थाना क्षेत्र के नदीहार बाजार में ट्रक का खड़ा कर खाना बना रहा था। इसी बीच पीछे से आए वाहन सवार चार युवकों ने चालक पर टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए मारपीट की। ट्रक चालक से नौ हजार नगद व ट्रक का आरसी पेपर छीन लिए। चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। राजगढ़ चौकी प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि सोनबरसा बाजार में शुक्रवार की शाम सात बजे किसी ट्रक से एक कार टकरा गई थी। जिसकी तलाश युवक कर रहे थे। जिसमें नदिहार बाजार में खड़े दूसरे ट्रक चालक से मारपीट कर सुलह समझौता के नाम पर नौ हजार ले लिए। जबकि पीड़ित ट्रक व चालक शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे रेणुकूट में था। पुलिस ने आरोपी युवकों को पूछताछ के लिए राजगढ़ पुलिस चौकी बुलाया। पर आरोपी युवक एक रिटायर्ड एसपी का रिश्तेदार बताते हुए धौंस दिखाकर पुलिस चौकी जाने से इनकार कर दिया। जिस पर चौकी प्रभारी ने अपने उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है।