विंध्याचल। रेलवे स्टेशन विंध्याचल पर बुधवार की सुबह एक युवक और युवती अचेत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर आरपीएफ ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से दोनों को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी है।
सुबह साढ़े 10 बजे विंध्याचल रेलवे स्टेशन परिसर में 19 वर्षीय युवक और 18 वर्षीय युवती अचेत अवस्था में मिली। रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने उन्हें देखकर आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने दोनों को सीएचसी भेजा। उनके बैग में मिले आधार कार्ड के अनुसार युवक आकाश जसपुरा, छत्तीसगढ़ का निवासी है। युवती का नाम स्वेता वह भी छत्तीसगढ़ की है। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों ने जहर का सेवन किया है। दोनों की हालात नाजुक है। युवक के पास से उसके पिता का मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। पुलिस ने युवक के पिता को फोन कर जानकारी दिया। पिता ने बताया कि उनका पुत्र बिना बताए घर से निकला है। उसके साथ युवती कौन है, इसकी जानकारी नहीं है। जानकारी होने पर परिजन मिर्जापुर के लिए निकल गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों जहरखुरानी का शिकार हुए हैं। अभी दोनों को होश नहीं आया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।