फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: कच्चा मकान गिरने से महिला की मौत

विज्ञापन
मरचा के कोटवा घीसाराम गांव में बारिश में गिरे मकान के मलवे को निहारता गृहस्वामी।-संवाद।
विज्ञापन
लालगंज। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार सुबह खैरा कला गांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से अनुराधा पटेल (35) की मलबे में दबकर मौत हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें मलबे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

खैरा कला गांव निवासी सुनील पटेल की पत्नी अनुराधा रविवार सुबह कच्चे घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान मिट्टी की दीवार उनके ऊपर गिर गई। घर में मौजूद उनके 10 वर्षीय बेटे ने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर अनुराधा को बाहर निकाला। परिजन उन्हें आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
पति सुनील रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। सुनील के दो भाई हैं और दोनों अलग रहते हैं। उनका 10 वर्षीय पुत्र मां के साथ घर पर रहकर पढ़ाई करता है। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी अजीत कुमार, तहसीलदार विशाल शर्मा और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और सांत्वना देते हुए हरसंभव सरकारी व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
विज्ञापन

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जर्जर और कच्चे मकानों से सतर्क रहने की सलाह दी। लालगंज थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि कच्चे मकान की दीवार गिरने से दबकर महिला की मौत हुई है।
बारिश में गिरा कच्चा मकान, दबकर 12 बकरियां मरीं ः हलिया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रविवार को नदना गांव के खभवा मोहल्ले में कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर 12 बकरियों की मौत हो गई, जबकि चार बकरियां घायल हो गईं। हादसे में पशुपालक जंगाली कोल को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
पशुपालक ने बताया कि रविवार सुबह से ही क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण कच्चा मकान कमजोर हो गया था। दोपहर में अचानक मकान गिरने से अंदर बंधी बकरियां मलबे में दब गईं। मकान गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबा हटाकर बकरियों को बाहर निकालना शुरू किया, लेकिन तब तक 12 बकरियों की मौत हो चुकी थी। चार बकरियां घायल मिलीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, परिवार बचा
मड़िहान। बारिश के बीच रविवार भोर मरचा पंचायत के कोटवा घीसाराम गांव में राहुल कोल का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार घर में सो रहा था।
दीवारों से मिट्टी गिरने की आहट पर नींद खुली तो सभी बाहर भाग निकले और बाल-बाल बच गए। मकान के मलबे में गेहूं-चावल, कपड़े, बर्तन, चारपाई समेत गृहस्थी का सामान दबकर नष्ट हो गया। एसडीएम सुरेंद्र कुमार ओझा ने बताया कि मौके की जांच कर पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत राशि दिलाई जाएगी।
राजगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम पंचायत धनसिरिया के कन्हईपुर पुरवा में रविवार दोपहर राजेंद्र प्रसाद सिंह का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। दीवार ढहने की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने से खाद्य सामग्री और गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से मदद की मांग की। पीड़ित परिवार ने तहसील प्रशासन से राजस्व टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें