बथुआ स्थित राजकीय आईटीआई में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ करते अतिथि, सोशल मीडिया
ब्रांडिंग, विपणन व एआई वर्कशॉप एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम
मिर्जापुर। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत सोमवार को बथुआ स्थित राजकीय आईटीआई में ब्रांडिंग, विपणन और एआई विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उद्यमी अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का प्रयोग करें। इससे उन्हें अच्छा परिणाम मिलेगा। इस अवसर पर 10 पीएम विश्वकर्मा कारीगरों को मीशो ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया।
एमएसएमई व डीएफओ प्रयागराज के वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी प्रेम चंद कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का परिचय कराया। डोमेन एक्सपर्ट हरिशंकर सिंह ने आधुनिक विपणन और ब्रांडिंग तकनीक के उपयोग की जानकारी दी। आईटीआई के प्रधानाचार्य मयंकमणि शुक्ला ने बताया कि तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है। अध्यक्षता लालबहादुर सिंह ने की। प्रवीण कुमार दुबे ने उत्पाद विकास व पैकेजिंग कौशल की जानकारी दी। आशीष झा, अखिलेश पटेल, आनंद कुमार झा, संदीप कुमार और कनक रानी ने भी उपयोगी जानकारी दी। ओपन हाउस चर्चा में प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। समापन पर एमएसएमई डीएफओ प्रयागराज के युवा व्यवसायी अमन मक्कड़ ने आभार प्रकट किया।