जिले में कोविड संक्रमितों के मिलने का सिलसिला लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को कस्तूरबा गांधी विद्यालय की एक छात्रा समेत दो लोग संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही जिले में एक्टिव केस की संख्या 23 हो गई है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
जिले में तीन दिनों से कोविड संक्रमित मिल रहे हैं। बीते बृहस्पतिवार को एकबारगी 18 कोविड संक्रमित मिले थे। इनमें से 16 संक्रमित कोन ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी विद्यालय के थे। शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी विद्यालय की एक और छात्रा समेत तीन लोग संक्रमित मिले थे। शनिवार को भी कस्तूूरबा गांधी विद्यालय की एक 13 वर्षीय छात्रा समेत दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। कोविड के नोडल डॉ. वीके भारती ने बताया कि 1984 लोगों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इसमें आरटीपीसीआर जांच के बाद दो की रिपोर्ट कोविड पाजिटिव आई है। जिले में अब तक 12121 संक्रमित मिले हैं। इनमें से 11971 स्वस्थ हुए हैं और 127 की मौत हुई है। जिले में इस समय 23 एक्टिव केस हैं।