अदलहाट थाना क्षेत्र के पथरौरा माइनर में शनिवार को सुबह पथरौरा गांव निवासी शिवप्रकाश (52) का शव उतराया मिला। सुबह घर में नहीं दिखने पर परिजन माइनर के पास गए। आशंका वश माइनर बंद कराया तो शव दिखा। शव को बाहर निकलवाया गया। मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
अदलहाट थाने के पथरौरा गांव निवासी शिवप्रकाश (52) पुत्र बेचई विश्वकर्मा शुक्रवार की शाम भोजन करने के बाद अपने घर से 50 कदम दूर पथरौरा माइनर के पुलिया पर जाकर सो गए। कुछ देर बाद उनका पुत्र लेने आया। वह उनको साथ लेकर घर चला गया। परिजनों के सोने के बाद वे उसी पुलिया पर आकर फिर सो गए, परंतु इस बात की जानकारी परिजनों को नहीं थी। परिजन जब सुबह जगे तो उनको घर में न देख खोजबीन करने लगे। शंका वश जब माइनर बंद कराया तो उसी माइनर में थोड़ी देर बाद शिवप्रकाश का शव मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवप्रकाश से दो पुत्र तथा एक पुत्री है। पुत्र सोनू विश्वकर्मा ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष विजय चौरसिया ने बताया कि शिवप्रकाश माइनर के पास पुलिया पर सोए थे। रात में वे माइनर में गिर गए। इस कारण से डूबने से उनकी मौत हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।