चील्ह थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-औराई मार्ग पर स्थित पुरानेबाड़ा चौराहा पर सोमवार को सुबह गिट्टी लदा ट्रक खराब हो जाने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लग जाने के कारण चिलचिलाती धूप में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर में खराब हुए वाहन को सड़क के किनारे किया गया तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
थाना क्षेत्र के पुराने बड़ा चौराहा पर सोमवार को सुबह करीब नौ बजे गिट्टी लदा ट्रक बीच रास्ते में ही खराब हो गया। इसके चलते मार्ग पर जाम लग गया। औराई की तरफ चील्ह चौराहा व मिर्जापुर की तरफ नटवा पुलिस चौकी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहर करीब 12 बजे जब खराब ट्रक को खींचकर किनारे किया गया, तब जाकर जाम धीरे-धीरे समाप्त हुआ। जाम हटाने के लिए एक ओर चील्ह और दूसरी ओर कटरा कोतवाली पुलिस लगी रही। जाम के कारण लोग अपने वाहनों से उतर कर शास्त्री सेतु को लोग पैदल ही पार करने लगे। कार्यालय व स्कूल के समय में जाम लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।