फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिर्जापुर में हादसा: ट्रेन से कटकर महिला समेत तीन की मौत, शादी समारोह में शामिल होने नागपुर से आया था परिवार

Wed, 17 Nov 2021 09:56 AM IST
गीतार्जुन गौतम अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर

सार

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर डाउन लाइन का रेलवे ट्रैक पार करते समय झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला व दो पुरुषों की मौत हो गई।
विज्ञापन
रेलवे स्टेशन पर हुआ हादसा। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर बुधवार सुबह छह बजे डाउन लाइन का रेलवे ट्रैक पार करते समय झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला व दो पुरुषों की मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर चीख-पुकार मच गई। साथ आए परिजनों में कोहराम मच गया। जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने शवों को ट्रैक से हटवाया। मृतकों में दो नागपुर और एक भदोही जिले के निवासी थे।

विज्ञापन


भदोही के औराई थाना क्षेत्र के उगापुर गांव निवासी घनश्याम गुप्ता की पुत्री किरन की 21 नवंबर को शादी है। इसमें शामिल होने के लिए घनश्याम गुप्ता के मामा व बहन के परिवार के आठ सदस्य पाटलीपुत्र एक्सप्रेस से मंगलवार की दोपहर नागपुर से आए थे।

ऐसे हुआ हादसा
बुधवार  सुबह छह बजे सभी प्लेटफार्म नंबर दो के पश्चिमी छोर पर आरपीएफ पोस्ट के पास उतरे। उगापुर से तीन लोग स्कार्पियो चालक बबलू सिंह (45) निवासी कठारी थाना औराई भदोही व घनश्याम के परिवार के राधेश्याम और रवि उन्हें लेने के लिए आए थे। सभी रेलवे ट्रैक पार कर प्लेटफार्म नंबर एक के किनारे खड़ी गाड़ी के पास पहुंचे।

विज्ञापन

इसी दौरान दुर्गा देवी (48) पत्नी नरेश गुप्ता निवासी दुर्गानगर भंडारा रोड थाना पार्डी जिला नागपुर महाराष्ट्र और राजेश गुप्ता (50) पार्डी भवानी नगर फूलपुर चौकी नागपुर प्लेटफार्म नंबर दो से सामान लेकर उतरे। सामान अधिक होने से स्कार्पियो चालक बबलू आगे बढ़ा। तब तक स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो के डाउन ट्रैक पर आ गई। अचानक ट्रेन के आने पर उन्हें हटने का समय नहीं मिला और तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 

जीआरपी प्रभारी हरिशरण सिंह  ने कहा कि  प्लेटफार्म नंबर दो डाउन लाइन पर रेलवे ट्रैक पार करते समय झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो पुरुष और एक महिला की कटकर मौत हो गई। 
विज्ञापन

विवाह की खुशियां गम में बदली, थम नहीं रहे आंसू

भदोही के  उगापुर निवासी राधेश्याम गुप्ता के घर में बेटी की शादी की तैयारी महीने भर से चल रही थी। सगे-संबंधी सभी पहुंच रहे थे। खुशियों का माहौल था, लेकिन मिर्जापुर स्टेशन पर बुधवार की सुबह तीन लोगों की मौत से शादी की खुशियां गम में बदल गई। परिवार वालों के आंसू नहीं थम रहे थे। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तीन लोगों की मौत से दो घरों में सन्नाटा पसर गया है।

उगापुर निवासी राधेश्याम गुप्ता उर्फ पुल्ली की लड़की की शादी 21 नवंबर को है। शादी में शामिल होने आ रहे रिश्तेेदार को लेने के लिए वह पुरुषोत्तमपुर निवासी अपने मित्र बबलू सिंह के साथ उनकी स्कॉर्पियो लेकर मिर्जापुर रेलवे स्टेशन गए। रिश्तेदार ट्रेन से उतर कर प्लेटफार्म पर बने फुट ओवर ब्रिज से न आकर रेलवे लाइन पार कर अपना सामान एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर ला रहे थे।

एक बार सभी लोग अपना सामान दूसरे प्लेटफार्म पर रख आए और दुबारा सामान लाने गए। वे दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंचने वाले थे कि उसी समय झारखंड स्वर्णजयंती एक्सप्रेस आती दिखाई दी। उस समय राधेश्याम गुप्ता के मामा के दामाद राजेश गुप्ता और उनके मामा की बहू दुर्गा गुप्ता सामान लेकर प्लेटफार्म पर चढ़ने वाले थे ट्रेन देख बबलू सिंह दुर्गा और राजेश गुप्ता का हाथ पकड़कर उन्हें प्लेटफार्म पर चढ़ाने लगे तभी ट्रेन आ गई और राजेश गुप्ता और दुर्गा उसकी चपेट में आ गए।

जबकि बबलू सिंह दुर्गा को ऊपर खींचने के प्रयास में ट्रेन के गेट पर लगे हैंडल से टकराकर प्लेटफार्म पर जा गिरे। रिश्तेदारों की मौत से राधेश्याम गुप्ता के घर सन्नाटा पसर गया। वहीं बबलू  सिंह की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया। दोनों घरों में दिन भर लोगों का आना जाना लगा रहा। बब्बू सिंह की पत्नी रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी। बबलू सिंह को ऋषि (18) और प्रांशु (13) दो बेटे हैं। उनका अंतिम संस्कार देर शाम भोगांव गंगा घाट पर किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें