कछवां। आदर्श नगर पंचायत कछवां की अधिशासी अधिकारी सोनल जैन ने कछवां थाने में चेयरमैन मिताली जायसवाल के जेठ के खिलाफ तहरीर दी है। रविवार को कछवां पुलिस चेयरमैन के जेठ समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
कछवां नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सोनल जैन ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग की बाउंड्रीवाल के अंदर अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल है। एक फर्म से गोवंश से चोकर, भूसा आदि मंगाए जाते हैं। फर्म की गाड़ी खराब थी। इस पर नगर पंचायत की गाड़ी शनिवार की शाम जब चोकर, भूसा लेकर वहां पहुंची तो चेयरमैन के जेठ राजेश जायसवाल और अन्य लोगों ने भूसा और चोकर लेकर आई गाड़ी को गोवंश आश्रय स्थल के अंदर जाने से रोक दिया। इस बात की जानकारी गोवंश आश्रय स्थल के कर्मचारियों ने उन्हें दी। जानकारी मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचीं और सबको वहां से हटने के लिए कहा। इस दौरान चेयरमैन के जेठ राजेश जायसवाल और अन्य लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही दुर्व्यवहार किया। तहरीर में उन्होंने सरकारी काम में हस्तक्षेप का भी आरोप लगाया है। तहरीर में चेयरमैन के जेठ और अन्य लोगों पर कर्मचारियों को डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि इससे कर्मचारी भयभीत हैं।तहरीर में अधिशासी अधिकारी ने कहा है कि आश्रय स्थल के अंदर इन लोगों के प्रवेश करने से कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। आए दिन किसी न किसी कर्मचारी के साथ नगर पंचायत में विवाद होता रहता है। थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन का कहना है कि नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर राजेश जायसवाल, दीपक उपाध्याय, हरिओम रस्तोगी तथा अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।