हलिया थाना क्षेत्र के बबुरा कलां गांव में शुक्रवार की रात चोर कच्चे मकान में सेंध लगाकर कमरे में रखे बाक्स आदि को सिवान में ले जाकर उसमें रखे नकदी और आभूषण निकाल ले गए। शनिवार को सुबह नींद खुलने पर घर के लोगों को चोरी की जानकारी हुई। मकान मालिक ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बबुरा कलां गांव निवासी लोकनाथ सिंह रात में खाना खाकर परिवार के सदस्यों के साथ घर के अगले हिस्से के बरामदे में सो रहे थे। शुक्रवार को देर रात चोर कच्चे मकान की ईंट और मिट्टी की दीवार में सेंध लगाकर घर के अंदर घुस गए और कमरे में रखे बाक्स को घर से करीब 400 मीटर दूर कठमोरवा नाले के पास सिवान में ले गए। इसके बाद बाक्स में रखे आभूषण, नकदी और साड़ी कपड़े आदि निकाल ले गए। सुबह गृहस्वामी की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला था। सारे सामान बिखरे पड़े थे। कमरे में रखे तीनों बाक्स नहीं थे। चोर घर में सेंधमारी कर बाक्स में रखे सोने की चेन, सोने का मंगलसूत्र, कान का झुमका, कान की बालियां अंगूठी, चांदी की पायल, साड़ी कपड़े सहित करीब आठ हजार रुपये नकदी उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।