मड़िहान के बेला जंगल में अज्ञात बालिका के शव को कब्जे में लेती पुलिस ।
- फोटो : MIRZAPUR
मड़िहान। थाना क्षेत्र के बेला जंगल में बाण सागर नहर किनारे मंगरमुड़ गांव के पास मंगलवार की दोपहर दो वर्षीय मासूम का शव मिला। शव के पास पूजा-पाठ का सामान मिलने पर बलि की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि मासूम की मौत चेचक से हुई है।
दोपहर में जंगल में बालिका का शव मिला तो ग्रामीण जुट गए। शव के पास पूजा-पाठ का सामान, एक जिंदा भेड़, बालिका का नया-पुराना कपड़ा पड़ा था। ग्रामीणों में बलि की आशंका जताते हुए चर्चा होने लगी। ग्राम प्रधान पारसनाथ ने पुलिस को सूचना दी तो महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि भी मौके पर पहुंचे। शव का निरीक्षण करने पर पता चला कि बालिका के शरीर पर चेचक है। टोटका के चलते किसी ने शव को जंगल में फेंक दिया है। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद बालिका के शव की शिनाख्त हुई। बालिका क्षेत्र के सुखनई गांव निवासी अशोक बिंद की पुत्री आकांक्षा है। अशोक ने बताया कि चार दिन पहले उसे चेचक हुई थी। सोमवार को उसकी मौत के बाद शव और उसके कपड़े को जंगल में रख दिया। जिससे उसके परिवार में किसी और को यह बीमारी न हो। जानकारी के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोट
चेचक से मौत के बाद परिवार के लोग शव को जंगल में छोड़ गए थे, जिससे कि परिवार में किसी और को यह बीमारी न हो। शव की शिनाख्त होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। -महेश सिंह अत्रि, एएसपी नक्सल