भैंसोड़ बलाय पहाड़ के पास ट्रक हादसे में मृत किशोर के आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाते पु?
- फोटो : MIRZAPUR
ड्रमंडगंज चौकी क्षेत्र के रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग फोर लेन पर स्थित भैंसोड़ बलाय पहाड़ गांव के सामने मंगलवार की सुबह साढ़े नौ बजे सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। चिकित्सक द्वारा मृत घोषित करने के बाद किशोर के परिजन व स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
मध्य प्रदेश के रीवां हनुमाना नाउन निवासी हरिओम जायसवाल (14) पुत्र संतोष जायसवाल भैंसोड़ बलाय पहाड़ निवासी अपने नाना संगम जायसवाल के घर आया था। मंगलवार की सुबह हरिओम शौच जाने के लिए फोर लेन सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान वह मिर्जापुर की ओर से आ रही एक ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रुप से घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों द्वारा घायल किशोर को इलाज के लिए तत्काल कोरांव स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद वहां से लौटे आक्रोशित परिजनों ने करीब तीन बजे भैंसोड़ गांव के पास फोर लेन पर किशोर के शव को रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचें सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह, थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह तथा चौकी प्रभारी रामबहादुर राय ने आक्रोशित परिजनों को प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन देकर शाम पांच बजे रोड जाम समाप्त कराया। परिजनों को सांत्वना देने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा होने के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।