ईद की नमाज अदा करते शिया समुदाय के लोग
- फोटो : mirzapur
शिया समुदाय ने बुधवार को जोशो खरोश के साथ ईद का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने अकीदत से नमाज अदा की और एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बधाई देने और सेंवई खिलाने का दौर देर रात तक चलता रहा। खास तौर से बच्चे अधिक उत्साहित रहे। वहीं घरों में महिलाओं ने भी एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
नगर के लक्ष्मण प्रसाद की गली स्थित स्व. सैय्यद मोहम्मद अकील एडवोकेट के आवास पर शिया समुदाय के लोगाें ने बुधवार की सुबह 10 बजे अकीदत से नमाज अदा की। नमाज के बाद मौलाना सैयद अतहर अब्बास ने तकरीर के दौरान कहा कि असली ईद तो उसकी है जिसने पूरे महीने रोजे रखे। बुराइयों से बचे ओर नेक अमल किया है।
नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। इस दौरान देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी गई। बच्चे एक दूसरे से गले मिलकर खुशी से उछल रहे थे। इस दौरान सैय्यद अली कौसर आब्दी, सफदर अली, आले अहमद बेग, आबी हसन मोहम्मद, मंसूर अली, नैय्यर जमाल, नफीसुल मुजतबा रिजवी, दिलशाद, जैगम अली, शहंशाह बेग, आशू हैदर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
उधर, देर रात तक लोग दोस्तों और मेहमानों को पकवान, सेवइयां खिलाते रहे। कई स्थानों पर दावतों का दौर भी चला। वहीं शाम को महिलाएं भी घरो ंसे निकली और एक दूसरे के घर जाकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।