अहरौरा। नगर पालिका परिषद अहरौरा में कार्यरत सफाई नायक ने पालिकाध्यक्ष पर अभद्रता का तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया तथा ट्विटर हैंडल पर पोस्ट डालकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने तथा मान सम्मान को क्षति पहुंचाने की शिकायत की। इस बाबत पुलिस को भी तहरीर दी।
सफाई नायक मृत्युंजय कुमार निवासी ग्राम खानजादीपुर ने आरोप लगाया है कि तबीयत खराब होने की वजह से वह सोमवार की सुबह देर से कार्यालय पहुंचा तो पालिकाध्यक्ष ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। और भी कई आरोप सफाई नायक ने लगाए हैं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित सफाई नायक मृत्युंजय कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर विधि संगत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।