चुनार। दरगाह मोड़ स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर शुक्रवार को राशन लेने पहुंचे कार्डधारकों ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि कोटेदार कई महीने से राशन नहीं दे रहा है। मौके पर पहुंचे खाद्य विभाग के अधिकारियों ने जांच की। इसके बाद कार्डधारकों को भरपुर के कोटे से संबद्ध कर दिया।
दरगाह मोड़ स्थित कोटे से दरगाह शरीफ दक्षिणी, बहरामगंज, दरगाह शरीफ उत्तरी, टम्मलगंज व उसमानपुर के करीब 750 कार्डधारकों को राशन मिलता है। हंगामा कर रहे लोगों का आरोप था कि छह महीने से राशन नहीं दिया जा रहा है। सीएम पोर्टल, समाधान दिवस में भी मामले की शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, आपूर्ति निरीक्षक रवींद्र यादव, सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने बताया कि मौके पर दो सौ लोगों का बयान लिए गए। उन्होंने बताया कि कार्डधारकों को भरपुर कोटे से संबद्ध कर कोटेदार नंदलाल यादव को 62.5 क्विंटल चावल और दो क्विंटल चीनी सौंप दी गई है। कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।