मिर्जापुर। संभागीय परिवहन कार्यालय में आरटीओ प्रवर्तन पद पर तैनात ओपी सिंह का बृहस्पतिवार की सुबह लखनऊ के केजीएसी अस्पताल में कोरोना से निधन हो गया। वह एक सप्ताह से बीमार थे। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। उनकी मौत से परिवहन विभाग कार्यालय में शोक व्याप्त हो गया।
गोंडा जिले के मूल निवासी ओपी सिंह पिछले तीन वर्ष से संभागीय परिवहन कार्यालय मिर्जापुर में आरटीओ के पद पर तैनात थे। 58 वर्षीय आरटीओ ओपी सिंह एक सप्ताह पूर्व तबीयत खराब हुई। उन्हें सांस लेने में समस्या होने पर परिजनों ने लखनऊ के केजीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह उनकी मौत हो गई। उनको दो पुत्री व एक पुत्र है। जिसमें एक पुत्री की शादी हो चुकी है। छोटी पुत्री बैंक में नौकरी करती है और पुत्र पढ़ाई कर रहा है। उनकी मौत की खबर सूचना मिलते ही संभागीय परिवहन कार्यालय में शोक व्याप्त हो गया। आरटीओ प्रशासन डा. आरके विश्वकर्मा ने बताया कि कर्यालय में शोक सभा कर श्रद्धांजलि दी गई। शोक व्यक्त करने वालों में आरआई ओपी सिंह, पीटीओ रामसागर व कृपाकर दुबे आदि रहे।