मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन मिर्जापुर के पूर्वी छोर पर बृहस्पतिवार की शाम को ट्रेन से कटकर जान देने वाले युवक के परिजनों ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को कटरा कोतवाली के पास रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने उधार का पैसा न देने पर युवक की पिटाई करने और पिटाई से क्षुब्ध होकर उसके ट्रेन से कटकर जान देने का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद एएसपी सिटी ने मुुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज नई बस्ती निवासी तूफान सोनकर (42) की बृहस्पतिवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जीआरपी ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बृहस्पतिवार को ही कई लोगों पर आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव लेकर कटरा कोतवाली पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि तूफान ने मोहल्ले की महिला को 30 हजार रुपये उधार दिया था। पहले भी उससे लेन-देन चलता रहता था। आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को महिला के घर पर उधार पैसा मांगने गया था। तो उसके परिजनों ने तूफान की पिटाई कर दी। इससे क्षुब्ध होकर उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। प्रदर्शन कर रहे परिजनों को कटरा कोतवाली में एएसपी सिटी संजय वर्मा ने समझाया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई का आदेश दिया। कटरा कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जा रही है।