मिर्जापुर। गेहूं खरीद के सीजन में धांधली की जांच हो रही है। ऐसे किसानों को शासन-प्रशासन की ओर से चिह्नित किया जा रहा है जिन्होंने तीन लाख या इससे ज्यादा का गेहूं बेचा है। जांच के दौरान जिले में राशन कार्ड का लाभ उठा रहे 12 सौ लाभार्थियों का राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया है। 16 सौ की सूची में अन्य की निरस्तीकरण के पहले जांच की जा रही है। उधर किसानों का कहना है कि उनको बताए बिना ही उनकी खतौनी का इस्तेमाल कर धान बेचा गया है। खरीद का धन भी उनके खाते में नहीं आया है।
लखनऊ मुख्यालय से जिला पूर्ति कार्यालय को 16 सौ ऐसे लाभार्थियों की सूची भेजी गई थी जिन्होंने इस वर्ष तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य का गेहूं व धान सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचा है। शासन ने एनआईसी के माध्यम से अपात्रों की सूची जारी करते हुए ऐसे लाभार्थियों की जांच कराई। जांच के बाद जिले में 16 सौ ऐसे लाभार्थी चिह्नित किए गए। जिला प्रशासन ने कार्रवाई के लिए कहा है। एनआईसी लखनऊ द्वारा सभी जिलों को अपात्र राशनकार्ड धारकों की सूची में जिले में 12 सौ ऐसे लाभार्थियों का कार्ड निरस्त कर दिया गया। इसमें से सिटी में 41, पहाड़ी में 34, छानबे में सर्वाधिक 491, कोन में चार, मझवां में 12 और कछवां ब्लाक में केवल एक सहित 583 अपात्र व्यक्तियों की सूची भेजी गई। इसमें से जांच के बाद सिटी में 40, पहाड़ी में 33, छानबे में 419, कोन में चार, मझवां में 11 और कछवां में एक अपात्र व्यक्ति का राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया। इस जांच के बाद जिला पूर्ति कार्यालय भी आश्चर्य में है कि ऐसे लोग भी राशन कार्डों का लाभ ले रहे थे। बताया गया कि सत्यापन की कार्रवाई अभी चल रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी उमेशचंद ने बताया कि 16 सौ की सूची में से 12 सौ का कार्ड निरस्त कर दिया गया है। नियमानुसार तीन लाख रुपये से अधिक का गेहूं, धान सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने वाले किसान योजना के लिए अपात्र हैं। जिले में सरकारी क्रय केंद्रों पर तीन लाख रुपये या उससे अधिक का गेहूं, धान बेचने वाले कई लोग राशन कार्ड से अनाज प्राप्त कर रहे हैं। उनको चिह्नित करते हुए कार्रवाई की जा रही है।
गेहूं की खरीद एक नजर में
जिले में बने केंद्र- 58
कुल खरीद- 67894. 91 एमटी
लाभान्वित किसानों की संख्या- 17788
किसानों को देय मूल्य- 13409. 24 लाख रुपये
भुगतान किया गया- 12552. 10 लाख रुपये
अवशेष भुगतान- 857. 14 लाख रुपये
(विभाग द्वारा 23 जून 2021 को जारी अंतिम आंकड़ा)