महिला कल्याण विभाग और यूनिसेफ की ओर से सोमवार को बाल विवाह रोको रथयात्रा निकाली गई। यह रथयात्रा सदर तहसील से निकल कर सभी विकास खंडों के उन स्थानों पर जाएगा, जहां अधिक से अधिक लोग इकट्ठा हो सकें। रथ में आडियो और वीडियो सिस्टम लगाया गया है।
लोगों को बाल विवाह रोकने और होने वाली परेशानियों की जानकारी दी जाएगी। उप जिलाधिकारी सदर अशोक कुमार कन्नौजिया ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए सरकार की ओर से भी कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। साथ ही इसे रोकने के लिए यूनिसेफ द्वारा जो यह कदम उठाया गया है, वह सराहनीय है।
यूनिसेफ के जिला समन्वयक अभिषेक दीक्षित ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कहा कि बाल विवाह से संबंधित कानून बनाए गए हैं। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी पुनीत टंडन, संस्था सचिव नंदकिशोर पांडेय, जिला समन्वयक सुरेश कुमार यादव, बाल संरक्षण अधिकार रमेश और कार्यकर्ता विरेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।