सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को आयोजित शिविर में गर्भवती महिलाओं का प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में विभिन्न गांवों की 70 गर्भवती महिलाओं ने पंजीकरण कराया।
महिला चिकित्सक डॉ. स्नेहलता गुप्ता व डॉ. सूची त्रिपाठी ने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य बेहतर रखने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने रूटीन जांच कराने की सलाह दी। चिकित्सकों ने महिलाओं को विभिन्न प्रकार की बीमारी से बचने के तरीके बताए। शिविर में रक्तचाप, शूगर, हार्मोनल और मधुमेह जैसी बीमारी से ग्रसित महिलाओं को जांच के बाद नि:शुल्क दवा भी वितरित की गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन सिंह ने बताया कि प्रत्येक महीने की 9 तारीख को हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें खान-पान के बारे में जागरूक किया जाता है।