लालगंज। ड्रमंडगंज पहाड़ी के जंगल में अपहरण के बाद हत्या कर फेंके गए कक्षा सात के छात्र के शव की बृहस्पतिवर की भोर में तलाश करने के लिए प्रयागराज जनपद की पुलिस पहुंची। गहन तलाश के बाद भी छात्र का शव नहीं मिल सका। प्रयागराज पुलिस के साथ डाग स्क्वाड भी दिनभर जंगल की खाक छानती रही।
प्रयागराज जनपद के सरायइनायत निवासी आटो चालक मूलचंद का 14 वर्षीय पुत्र अंकित का 19 अगस्त को 20 लाख फिरौती की मांग को लेकर अपहरण कर लिया गया था। 21 अगस्त को आरोपी अपहरणकर्ता ने छात्र की हत्या कर शव को बाइक से ड्रमंडगंज पहाड़ी पर स्थित जंगल में लाकर ठिकाने लगा दिया गया। सरायइनायत पुलिस ने मोबाईल से मिले लोकेशन के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। अपहरण कर्ता आरोपी के निशानदेही पर बृहस्पतिवार को सरायइनायत थाने के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम व डाग स्क्वायड के साथ ड्रमंडगंज पुलिस चौकी अंतर्गत पहाड़ी के उपर जंगल में छात्र के शव का खोजबीन करने पहुंची। सुबह साढे पांच बजे से पुलिस जंगल में शव की खोज करने लगी, लेकिन सायंकाल होने तक शव का पता नहीं चल सका था। प्रयागराज पुलिस के साथ ड्रमंडगंज पुलिस चौकी की पुलिस भी शव को खोज करने में लगी रही। अपहृत किए गए छात्र के पिता मूलचंद भी पुलिस के साथ पुत्र के शव की तलाश में आए थे। जिनके आसूं नहीं रुक रहे थे। मूलचंद ने बताया कि वह आटो चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उससे पुत्र के फिरौती के लिए 20 लाख की मांग की गई थी। मूलचंद को दो पुत्र व एक पुत्री है। बताया की पुत्र अंकित कक्षा सात में पढ़ता था।