वेब सीरीज मिर्जापुर के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर व अन्य यूनिट पर दर्ज मुकदमों की जांच करने मुंबई गई पुलिस फरहान अख्तर और रितेश साधवानी घर पहुंची, पर वे नहीं मिले। भौमिक गोंडलिया के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। छानबीन में इस नाम का व्यक्ति नहीं मिला। मिर्जापुर पुलिस रविवार शाम को वापस लौटेगी। बाद में सभी को यहां से नोटिस भेजा जाएगा।
17 जनवरी को देहात कोतवाली पुलिस ने वेब सीरीज के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर रितेश साधवानी, फरहान अख्तर, भौमिक गोंडलिया और ओटीटी प्लेटफार्म अमेजन प्राइम पर धार्मिक भावना आहत करने, गाली गलौज और सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के संबंध में मुकदमा दर्ज किया।
मामले की जांच के लिए देहात कोतवाल विजय कुमार चौरसिया, बरकछा चौकी प्रभारी आलोक कुमार सिंह, कांस्टेबल विनय राय की तीन सदस्यीय टीम बुधवार शाम मुंबई पहुंच गई थी। दो दिन बाद मिर्जापुर पुलिस शुक्रवार को अंधेरी स्थित डीसीपी क्राइम अकबर पठान से मिली।
जिसके बाद उन्होंने जांच की अनुमति दी। मिर्जापुर पुलिस ने बांद्रा पुलिस स्टेेशन पर तीनों आरोपितों के बारे में सत्यापन किया। भौमिक गोंडलिया के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद टीम शनिवार को फरहान अख्तर और रितेश साधवानी के घर पहुंची, पर वे नहीं मिले। जांच टीम के निरीक्षक विजय कुुमार चौरसिया ने बताया कि रविवार को लौटने के बाद सभी को मिर्जापुर से नोटिस भेजा जाएगा।