मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के चेईराम स्थित कंपोजिट विद्यालय के गेट के सामने बच्चों को बैठाकर धरना-प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। विद्यालय के सहायक अध्यापक संजय कुमार तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
क्या है पूरा मामला
सहायक अध्यापक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात सितंबर को वह सुबह करीब 7:40 बजे विद्यालय पहुंचे तो स्कूल गेट के सामने जाने वाले रास्ते को लेकर कुछ ग्रामीण और अभिभावक बच्चों को आगे कर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। उनके पहुंचने तक विद्यालय का अन्य स्टाफ भी आ गया था।
तहरीर में कौशिक कन्नौजिया, रामनरेश यादव, शंकर, लालबहादुर और आरती समेत अन्य ग्रामीणों के धरने में शामिल हुए। आरोप है कि किसी ग्रामीण के फोन करने पर सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बच्चों को बुलाकर स्कूल गेट के बाहर बैठाया गया और ग्रामीणों, सपा नेता व उनके समर्थकों की ओर से नारेबाजी की गई।
इसके बाद मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को फोन पर दी गई। इसके बाद बीडीओ सिटी, नायब तहसीलदार सदर, खंड शिक्षा अधिकारी सिटी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समझाया-बुझाया, जिसके बाद लिखित सहमति के आधार पर धरना समाप्त कराया गया।
शिक्षक ने आरोप लगाया कि धरना-प्रदर्शन के कारण आम लोगों का रास्ता अवरुद्ध हुआ और विद्यालय के शिक्षकों को स्कूल में जाने से रोका गया, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। उन्होंने प्रदर्शन को सपा नेताओं द्वारा कराया जाना बताते प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
देहात कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद लोगों और सपा नेता के एक समर्थक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।