मड़िहान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर लालपुर गांव के सामने मंगलवार को सुबह खेत से घर जा रहा व्यक्ति ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति को आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लालपुर गांव निवासी राम तपस्या यादव (60) रात में खेत की रखवाली करते थे। सोमवार की रात थ्रेसर से गेहूं की मड़ाई हो रही थी। मड़ाई से खाली होने के बाद मंगलवार को सुबह चार बजे पैदल घर जा रहे थे। वे मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे कि ट्रक की चपेट में आ गए। चालक ट्रक से धक्का मारते हुए भाग निकला। धक्का लगते ही राम तपस्या यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राम तपस्या के पुत्र ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मड़िहान थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।