मिर्जापुर। हलिया के पंचशील महाविद्यालय में बुधवार को जब महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का उड़ाका दल निरीक्षण के लिए पहुंचा तो कक्ष से हड़बड़ाकर परीक्षार्थी निकलने लगे। हालांकि उस समय निर्धारित समय से अधिक समय हो रहा था। इसी के साथ ही एक अन्य कक्ष में भी बिना सीटिंग प्लान के कुछ परीक्षार्थी मिले। इस पर सामूहिक नकल की आशंका जतायी गई है। उड़ाका दल ने विश्वविद्यालय को अपनी रिपोर्ट भेज दी है।
विश्वविद्यालय का उड़ाका दल जब महाविद्यालय पहुंचा तो उस समय सुबह के दस बज रहे थे। दल के पहुंचते ही कक्ष से परीक्षार्थी निकलने लगे। हालांकि परीक्षा समाप्त होने का समय साढ़े नौ बजे है। उड़ाका दल ने जब महाविद्यालय से सीसीटीवी का फुटेज व वायस रिकार्डर का फुटेज मांगा तो वह उपलब्ध नहीं करा पाए। उड़ाका दल के प्रभारी डा. जीएस द्विवेदी ने बताया कि यह अनिवार्य है। इसके बिना परीक्षा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी मौके पर जांच की गई। उसकी पूरी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेज दी गई है। अब विश्वविद्यालय ही इसमें कार्रवाई करेगा।
हलिया, विकास खंड के मवई कलां स्थित पंचशील डिग्री कॉलेज में बुधवार को बीए. फाइनल वर्ष की परीक्षा में विश्वविद्यालय से आए चार सदस्यीय दल ने निरीक्षण किया। महाविद्यालय के केंद्राध्यक्ष डॉक्टर राघवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संस्कृत बीए तृतीय वर्ष में 11 छात्र तथा बीएससी के रसायन विज्ञान तृतीय वर्ष में 2 छात्र परीक्षा में भाग लिए थे। साढ़े नौ बजे परीक्षा समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद उड़ाका दल पहुंचा था।