विंध्याचल। थाना क्षेत्र के बावली चौराहा के पास बुधवार की सुबह दो व्यक्तियों ने एक दुकानदार पर हमला कर दिया। मजदूरों और काय करा रहे जेई ने उनको रोका तो उन पर भी हमला किया। आस-पास के दुकानदार पहुंचे तो दोनों भाग गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। दुकानदार की हालत गंभीर है।
रोडवेज स्थित सोनकर बस्ती निवासी पप्पू सोनकर (35) ने बावली चौराहे के पास किराए के मकान में दुकान खोली हुई है। दुकान के बगल में ही अमृत योजना का कार्य चल रहा है। बुधवार को दोपहर लगभग ग्यारह बजे दो व्यक्ति पहुंचे। दोनों ने कार्य में लगे मजदूरों से गईता व फावड़ा छीन लिया। और दुकानदार पर हमला कर दिया। सामान छिनने पर मजदूर और जेई ने विरोध किया तो उन पर भी हमला किया। इस पर आस-पास के दुकानदार पहुंचे। लेकिन दोनों हमलावर भाग गए। हमले में पप्पू सोनकर, अमृत योजना का निर्माण कार्य करा रहे जेई जितेंद्र कुमार (30), मजदूर सुनील कुमार (45) निवासी भदोही घायल हो गए। मारपीट की सूचना पुलिस को देकर लोग घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल ले गए। जहां पप्पू की हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल से अन्यत्र रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।