नगर के दो केंद्रों में मंगलवार को हुई पालीटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2022 में परीक्षार्थियों की सोमवार की अपेक्षा बढ़ गई। दूसरे दिन मंगलवार को पंजीकृत 540 प्रतिभागियों में से 458 परीक्षा में शामिल हुए। पहले दिन सोमवार को आधे से भी कम परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों केंद्रों में चार दिन में लगभग 2160 विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। यह प्रवेश परीक्षा सोमवार से शुरू होकर 30 जून तक चलेगी। इसके लिए नगर के इमामबाड़ा एवं सिटी कोतवाली के समीप स्थित एक निजी संस्थान को परिषद की ओर से ऑनलाइन परीक्षा कराने के लिए केंद्र बनाया गया है। परीक्षा तीन पालियों सुबह आठ से 10:30 बजे, दोपहर 12 से 2:30 बजे, शाम चार से 6:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा नकल विहीन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। साथ ही परीक्षा की मानिटरिंग के लिए जोनल मजिस्ट्रेट भी जिला प्रशासन की ओर तैनात किए गए हैं। परीक्षा प्रभारी व राजकीय पालीटेक्निक मिर्जापुर के प्रधानाचार्य राकेश वर्मा ने बताया कि परीक्षा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कराई जा रही है।