मड़िहान। अपर खजुरी बांध की जमीन पर अवैध कब्जे की जांच के लिए शुक्रवार को सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने सीमांकन किया। इस दौरान 162 लोगों को अतिक्रमण करने वालों के रूप में चिह्नित किया गया। टीम ने उन्हें जमीन खाली करने के लिए नोटिस जारी किया।
एसडीएम मड़िहान के के निर्देश पर शुक्रवार को सीमांकन किया गया।एक वर्ष पूर्व विश्व विद्यालय के लिए जमीन की तलाश के दौरान यह मामला प्रकाश में आया कि इस भूमि पर अनधिकृत रुप से कब्जा किया गया है। आरोप लगाया गया कि सिंचाई विभाग की मिलीभगत से ऐसा हुआ है।
राजस्व निरीक्षक तनवीर शौकत के नेतृत्व में आधा दर्जन लेखपाल मौके पर पहुंचे और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम की निगरानी में पैमाइश की गई। पता चला कि 162 लोग अवैध रूप से सिंचाई विभाग की भूमि पर कब्जा कर अस्थाई मकान और खेती-बाड़ी का काम कर रहे हैं। अवैध कब्जाधारकों को जमीन से बेदखल करने के लिए नोटिस देने की कवायद शुरू कर दी गई है। सिंचाई विभाग के दंडाधिकारी, लेखपाल अभिषेक गौरव, सतीश पांडेय, कमलेश सिंह, कुंवर प्रसाद आदि लोग मौजूद रहे।