मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए बने परीक्षा केंद्रों का अब भौतिक सत्यापन हो रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन मजिस्ट्रेटों के माध्यम से इनका सत्यापन कर रहा है।
इस बार बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों पर वायस रिकार्डिंग के साथ ही राउटर लगाना भी अनिवार्य कर दिया गया है ताकि वेबकास्टिंग से परीक्षा पर निगरानी रखी जा सके। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर सरलता से पहुंचने का रास्ता, बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था तथा पानी आदि जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के बाद अब जिला प्रशासन भी पोर्टल पर केंद्रों द्वारा अपलोड सुविधाओं की जांच कर रहा है ताकि जब परीक्षा हो तो परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस बार जिले में 116 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के तकरीबन 73 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार 20 नए केंद्र बने हैं जबकि 19 पुराने परीक्षा केंद्र निरस्त किए गए हैं।
जिले में बने परीक्षा केंद्रों पर आपत्ति करने का समय बढ़ा दिया गया है। अब यह तिथि 19 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 14 नवंबर तक थी। शनिवार तक लगभग चार दर्जन आपत्तियां आ चुकी हैं। इन आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस माह के अंत तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने कहा कि जो आपत्तियां आ रही हैं। उनका निस्तारण किया जा रहा है। यह निस्तारण दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा है। जो तथ्य हैं उनका भौतिक सत्यापन कर के ही निर्णय लिया जा रहा है।