मिर्जापुर। मझवां विधानसभा उपचुनाव में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से मतदान के लिए नौ कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ ही साथ पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई। कुछ केंद्रों पर मतदान के लिए रोकने और एक स्थान पर मतदान के बहिष्कार के अलावा मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। संवेदनशील बूथों पर ज्यादा संख्या में फोर्स की तैनाती की गई थी।
ज्यादातर बूथों पर सिपाही और होमगार्ड के जवान लगाए गए थे। उनकी निगरानी में मतदान संपन्न कराया गया। हालांकि संवेदनशील बूथों पर काफी संख्या में फोर्स तैनात रही। पैरा मिलिट्री फोर्स के अलावा पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एएसपी सिटी नितेश सिंह, सीओ अमर बहादुर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिस अधीक्षक ने प्राथमिक विद्यालय विजयपुर, जनता हाईस्कूल गुरूसंडी, श्री गांधी विद्यालय इंटर काॅलेज कछवां, संस्कृति पाठशाला बरैनी, प्राथमिक विद्यालय शाहपुर चौसा, प्राथमिक विद्यालय बरैनी कछवां, ग्राम पंचायत सचिवालय जलालपुर, आदर्श बालिका इंटर काॅलेज जलालपुर का निरीक्षण किया। शाम पांच बजे मतदान समाप्त के बाद ईवीएम सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाए गए। इसके लिए पुलिस अधीक्षक व एएसपी एएसपी स्ट्रांग रूम के रास्ते में यातायात व्यवस्था बेहतर करने में जुटे रहे।