जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुरारा गांव में रविवार देर रात घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहे वृद्ध को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली गर्दन में लगी है। वृद्ध की हालत नाजुक है। वाराणसी के रेफर किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। इस मामले को 27 साल पहले हुई एक हत्या को लेकर चल रहे प्रतिशोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुरारा निवासी इंद्रसेन सिंह (65) बीती रात अपने घर के सामने मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। रात करीब एक बजे गोली चलने की आवाज पर परिजनों की नींद खुली। बाहर आकर देखा तो इंद्रसेन सिंह लहूलुहान थे। उनके गर्दन में गोली मारी गई थी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। आननफानन परिजनों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया गया। केराकत कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी प्रभु सत्यवादी सिंह व उसके पुत्र निरंजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि एक फरार आरोपी चंदन सिंह की तलाश की जा रही है।
गाजीपुर जिले के जमानिया कोतवाली क्षेत्र के बरूइन गांव स्थित शिवपूजन मार्ग के पास सोमवार सुबह एक युवक शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाल कर छानबीन शुरू कर दी। मृतक की पहचान महेश खरवार (28) पुत्र शिवपूजन निवासी बरूइन के रूप में हुई।
मृतक रविवार रात से ही गायब था। रात में परिजनों ने खोजबीन की मगर उसका कहीं अता पता नहीं चला। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़ंकप मच गया। वो मौके पर पहुंचे। शव को देखकर बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।