नरायनपुर में ग्रामीण के मकान में पानी घुसी।संवाद
- फोटो : MIRZAPUR
नरायनपुर। बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या से कोलउन्द के ग्रामीण परेशान हैं। जल निकासी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। निकासी न होने से बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। घर ढहने का भय लोगों में सता रहा है। कहा, यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर उतरने को ग्रामीण बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि कोलउन्द ग्राम के सोनकर व पटेल बस्ती में बरसात व सिंचाई वेस्टेज का पानी शेरपुर पुलिया से होकर निकलता था। इधर, मार्ग चौड़ीकरण में लगे कार्यदायी संस्था की ओर से शेरपुर पुलिया के पहले की नाली को पाट दिया गया है। नाली पाट दिए जाने से सोनकर व पटेल बस्ती में बरसात का पानी नहीं निकल पा रहा है। तीन दिनों से पानी लोगों के घरों में घुसा है। घरों में पानी घुसने व चारो तरफ पानी से घिरे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। मकान ढहने के डर से सहमे लोग घर के बाहर खुले आसमान के नीचे व किसी दूसरे के घरों में सोने को मजबूर हैं। ग्रामीण विनोद सोनकर का कहना है कि पिछले वर्ष जलजमाव से शहरे आलम का दो मंजिला मकान गिर गया था। ग्रामीणों ने कोलउन्द के पटेल व सोनकर बस्ती में जल निकासी की व्यवस्था किए जाने की मांग किया है। प्रदर्शन करने वालों में सहादुर सोनकर, मनोज सोनकर, बिनोद सोनकर, बच्चे लाल, सुमन सोनकर, पार्वती देवी, सुनीता सोनकर, राजनाथ यादव, भोला पटेल, किशोर पटेल आदि उपस्थित रहे।