मिर्जापुर। देहात कोतवाली के करनपुर और लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर के बीच पहाड़ी पर ट्रकों की रफ्तार धीमी होने पर उस पर चढ़कर चोरी करने वाले गिरोह के चारों को पुलिस पकड़कर पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले में एक सफेदपोश के भतीजे का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने इस मामले में कुछ के पास से चोरी का सामान बरामद किया है।
करनपुर से लहंगपुर के बीच काफी समय से गुजरने वाले ट्रकों पर चोरी की शिकायत आ रही थी। पहाड़ी पर ट्रकों की रफ्तार धीमी होने पर आसपास के गांव के युवकों का गिरोह ट्रक पर चढ़ जाता था और रस्सी प्लास्टिक आदि काट कर उस पर लदा सामान चुरा लेते थे। मामले में 15 दिन पूर्व साड़ी लादकर जा रहे ट्रक से और तीन दिन पूर्व दाल चोरी हुई थी। दाल का स्टाक वीरपुर निवासी संतोष दुबे का था। संतोष दुबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने छानबीन की चारों को हिरासत में लिया। चर्चा तो यह भी है कि पुलिस ने रंगे हाथ चोरों को पकड़ा है। इसमें एक सफेदपोश के भतीजे का करनपुर चौकी में पूछताछ का वीडियो वायरल हुआ है। मामले में देहात कोतवाल अभय सिंह ने बताया कि ट्रकों से चोरी करने की शिकायत पर इटवा गांव में दबिश देकर एक घर से 22 किलो दाल और 15 साड़ी बरामद की गईं। मामले में चार लोगों से पूछताछ की जा रही है।