देहात कोतवाली क्षेत्र के कोटवा गांव में बुधवार की रात को एक अधेड़ कुएं में गिर गया। रात से लापता अधेड़ की खोजबीन करते हुए बृहस्पतिवार की सुबह परिजन कुएं के पास पहुंचे तो कुएं में शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
क्षेत्र के गोड़टूटवा गांव निवासी प्रेम नारायण (50) पुत्र प्रभु नारायण बुधवार की रात को घर से लापता हो गए। घर में न होने पर परिजन उनकी खोजबीन करने लगे। रात में वह नहीं मिले। बृहस्पतिवार की सुबह परिजन फिर खोजबीन करने लगे। खोजबीन करते हुए परिजन कोटवा गांव में कंचन यादव के कुएं के पास पहुंचे तो वहां पर प्रेम नारायण का चप्पल पड़ा था। परिजनों ने कुंए में झांककर देखा तो प्रेम नारायण का शव उतराया हुआ था। परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। परिजनों ने बताया कि प्रेम नारायण मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका उपचार वाराणसी में हो रहा था।